Chandrayaan-3 update: लैंडर ने भेजी चांद की नई तस्वीर, इसरो ने जारी किया वीडियो

Chandrayaan 3 Landing: चंद्रयान-3 पर इस समय देश दुनिया की निगाहें टिकी हैं. कल लैंडर विक्रम चांद की सतह पर लैंड करेगा. इस बीच चंद्रयान-3 ने एक चांद की एक और तस्वीर भेजी है. जिसे इसरो ने साझा किया है. खबर में आगे देखिए ...

चंद्रयान-3 ने चांद की भेजी तस्वीर
  • 839
  • 0

Chandrayaan 3 News: जिस देश में कभी साइकल पर रखकर रॉकेट इधर से उधर ले जाए जाते थे, उसी देश ने आज आसमान पर कब्ज़ा करना सीख लिया है. आसमान में भारत का नाम लिखने के पीछे इसरो है. इसरो एक बार फिर चंद्रयान-3 को भेज कर नया कीर्तिमान छूने वाला है. इस शुभ घड़ी का देशवासियों को बेसब्री से इंतजार है. चंद्रयान-3 की सफलता के लिए देशभर में कहीं पूजा, तो कहीं नमाज अदा की जा रही हैं. हालांकि, अब चंद्रयान-3 चांद के सबसे पास की कक्षा में स्थापित हो चुका है. 23 अगस्त को (कल) लैंडर विक्रम चांद की सतह पर लैंड करेगा. इस बीच लैंडर ने चांद की एक नई तस्वीर भेजी है. इस तस्वीर को इसरो ने साझा किया है. इसरो ने तस्वीर को ट्वीट कर बताया कि चंद्रयान-3 बेहतर ढंग से काम कर रहा है. 

भारतीय चंद्र कार्यक्रम सफल होगा: रूसी महावाणिज्य दूत ओलेग

चंद्रयान 3 मिशन पर दक्षिण भारत में रूसी महावाणिज्य दूत ओलेग निकोलाइविच अवदीव की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने समाचार एजेंसी से बातचीत में कहा कि, भारत में हर कोई और मैं भी चंद्रमा की कक्षा में कल की घटना का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. मुझे यकीन है कि यह भारतीय चंद्र कार्यक्रम सफल होगा और रोवर सुरक्षित रूप से उतरेगा और काम करना शुरू कर देगा. मुझे यकीन है कि यह भारत के लिए एक बहुत ही उपयोगी चंद्र कार्यक्रम होगा और यह निश्चित रूप से एक बड़ी सफलता होगी और चंद्रमा पर और अधिक खोज होगी.

चंद्रयान-3 को तकनीक रुप से मजबूत बनाया गया है: इंजीनियर ओपी गुप्ता 

नेहरू तारामंडल के सीनियर इंजीनियर ओपी गुप्ता ने कहा कि, इसरो से मिली जानकारी के अनुसार अब तक किए गए प्रयास सफल हैं. अगर कोई कठिनाई आती है और परिस्थितियां नहीं बनती हैं तो इसरो ने इसे चार दिनों तक बनाए रखने के लिए पर्याप्त ईंधन रखा है. इसे तकनीकी रूप से मजबूत बनाया गया है. विक्रम लैंडर में स्थापित उच्च रिज़ॉल्यूशन वाला कैमरा शुरू में 25 किमी की ऊंचाई से सुरक्षित लैंडिंग के लिए सतह की निगरानी करेगा. उम्मीद है कि उपयुक्त स्थान मिलने के बाद यह समय पर लैंड कर जाएगा.

लैंडर और रोवर चंद्रमा के प्री-लैंडिंग कक्षा में चक्कर लगा रहे: प्रोफेसर आर.सी. कपूर  

खगोलशास्त्री, प्रोफेसर डॉ. आर.सी. कपूर ने कहा कि, लैंडर और रोवर फिलहाल चंद्रमा के प्री-लैंडिंग कक्षा में चक्कर लगा रहे हैं. इन्हें (लैंडर और रोवर) पिछली बार की स्थिति की जांच करके तैयार किया गया है. एल्गोरिथम को बग-मुक्त बनाया गया है. लैंडर के डिजाइन का एक प्रमुख हिस्सा लेग मैकेनिज्म है, इसे भी मजबूत किया गया है.

CM केजरीवाल ने जताई खुशी

चंद्रयान-3 पर देशभर के तमाम दिग्गज नेताओं प्रतिक्रिया भी सामने आई है. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, यह देश के लिए बेहद खुशी का पल है कि चंद्रयान-3 कल लैंडिंग करेगा. मैं ईश्वर से इसकी सफल लैंडिंग के लिए प्रार्थना करता हूं. पूरा देश इसका बेसब्री से इंतजार कर रहा है.

देश महान पल का इंतजार कर रहा: कांग्रेस नेता हरीश रावत

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने चंद्रयान-3 पर कहा कि, देश के साथ हम भी इस महान पल का इंतजार कर रहे हैं और भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि हमारे अंतरिक्ष वैज्ञानिकों का सपना पूरा हो और इससे मानवता का कल्याण हो. इस समय हमें दूरदर्शी पंडित जवाहरलाल नेहरू को भी याद करना चाहिए जिन्होंने इसरो की स्थापना की और आज की उपलब्धियों की नींव रखी.

RELATED ARTICLE

LEAVE A REPLY

POST COMMENT