Hindi English
Login
Image
Image

Welcome to Instafeed

Latest News, Updates, and Trending Stories

बिहार के बाहुबलियों में अनंत सिंह से लेकर रीतलाल यादव ने दर्ज की जीत, जानिए बाकी बाहुबलियों का रिपोर्ट कार्ड

बिहार विधानसभा चुनाव में इसबार सबसे ज्यादा बाहुबली उम्मीदवार आरजेडी के थे।

Advertisement
Instafeed.org

By Asna | खबरें - 10 November 2020

बिहार में एक बार फिर से एनडीए की सरकार बनने जा रही है। विधानसभा चुनाव के स्पष्ट नतीजे देर रात को आए, जिसमें एनडीए को स्पष्ट बहुमत हासिल हुआ। नीतीश कुमार लगातार चौथी बार राज्य के मुख्यमंत्री बनेंगे। विधानसभा चुनाव में इस बार कई बाहुबली नेताओं की भी किस्मत दांव पर लगी थी। वैसे तो अक्सर पार्टियां राजनीति को अपराध मुक्त करने के दावे करती रहती हैं, लेकिन हकीकत एक उलट है। बिहार चुनाव में इस बार सबसे ज्यादा बाहुबली उम्मीदवार आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे। साथ ही कई उम्मीदवार ऐसे थे, जो बाहुबली परिवार से ताल्लुक रखते हैं। ऐसे लोगों को भी आरजेडी ने सबसे अधिक टिकट दिया। इनमें से कई को जीत मिली और कई उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा।

आइए जानते हैं बिहार में बाहुबली उम्मीदवारों या उनके परिवार से लड़ रहे उम्मीदवारों का रिजल्ट

अनंत सिंह

इस लिस्ट में सबसे पहला नाम अनंत सिंह का आता है, जो आरजेडी के उम्मीदवार थे। मोकामा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे अनंत सिंह ने जीत दर्ज की है। अनंत सिंह ने 18348 वोटों के मार्जिन से जीत दर्ज की है। उनका मुकाबला जेडीयू के राजीव लोचन नारायण सिंह से था।

अनंत सिंह पर 38 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनके खिलाफ हत्या, वसूली, किडनैपिंग और अवैध हथियार रखने के तहत मामले दर्ज हैं। अनंत सिंह इन दिनों जेल में हैं। 2015 के चुनाव में अनंत सिंह ने मोकामा सीट निर्दलीय लड़कर जीती थी, लेकिन इस बार वो आरजेडी की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। अनंत सिंह इसी सीट से 2005 और 2010 का भी चुनाव जीत चुके हैं। अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी भी इस बार निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं।

रीतलाल यादव

बिहार के बाहुबलियों में दूसरा नाम रीतालाल यादव का है। दबंग छवि के रीतलाल यादव आरजेडी के टिकट पर दानापुर सीट से चुनावी मैदान में थे। उन्होंने बीजेपी की आशा देवी को 16 हजार वोटों के अंतर से हरा दिया है। 

रीतलाल यादव पर 33 मामले दर्ज हैं, जिसमें मर्डर, वसूली और मनी लॉन्ड्रिंग के तहत मामले दर्ज हैं। रीतलाल यादव अगस्त में जमानत पर जेल से बाहर आए हैं।

रीतलाल यादव पर पूर्व बीजेपी काउंसलर सत्यनारायण सिन्हा की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी हैं। सत्यनारायण सिन्ह की हत्या साल 2003 में हुई थी।

अजय यादव

आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे बाहुबली उम्मीदवार अजय यादव अतरी सीट पर अपनी किस्मत आजमा रहे थे। अजय यादव ने जेडीयू की मनोरमा देवी को 13 हजार वोटों से हराया है। एक समय दोनों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही थी, लेकिन आखिर में अजय यादव ने जीत दर्ज कर ली।

मनोरमा देवी भी स्थानीय बाहुबली बिंदेश्वरी प्रसाद यादव की पत्नी हैं। बिंदेश्वरी प्रसाद अब इस दुनिया में नहीं हैं। अजय यादव के खिलाफ 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

हुलास पांडे

हुलास पांडे बिहार के बक्सर जिले की ब्रह्मपुर सीट से लोजपा के उम्मीदवार हैं। वह हत्या, हत्या के प्रयास और जबरन वसूली के आपराधिक मामलों का सामना कर चुके हैं। हुलास पांडे अपनी सीट पर हार गए हैं। इस सीट पर आरजेडी के शंभु नाथ यादव ने 50 हजार से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की है।

अभय कुमार सिन्हा

अभय कुमार सिन्हा बिहार के गया जिले के बेलागंज सीट से जेडीयू के उम्मीदवार हैं। इस सीट पर उनका मुकाबला आरजेडी के सुरेंद्र प्रसाद यादव से था, जिनके हाथों उन्हें 25 हजार वोटों से हार का सामना करना पड़ा है। अभय कुमार सिन्हा के खिलाफ 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

ये उम्मीदवार भी बाहुबली परिवार से रखते हैं ताल्लुक

1. लवली आनंद और चेतन आनंद

बिहार के बाहुबली चेहरों में से एक आनंद मोहन सिंह की पत्नी लवली आनंद सहरसा से और उनके बेटे चेतन आनंद शिवहर से आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। लवली आनंद को बीजेपी के आलोक रंजन झा ने 19679 वोटों से हरा दिया है। वहीं उनके बेटे चेतन आनंद ने जेडीयू के उम्मीदवार को 36686 वोटों से हरा दिया है।

आपको बता दें कि आनंद मोहन सिंह इन दिनों जेल में सजा काट रहे हैं। वो गोपालगंज के पूर्व डीएम की हत्या के दोषी के रूप में सजा काट रहे हैं।

2. विभा देवी

रेप के आरोपों में जेल में सजा काट रहे राजबल्लभ यादव की पत्नी वीभा देवी आरजेडी के टिकट पर नवादा सीट से चुनाव लड़ रही थीं। यहां उन्होंने 26 हजार वोटों से जीत दर्ज की है।

किरन देवी

अरुण यादव की पत्नी किरन देवी भोजपुर जिले की संधेश सीट से चुनाव लड़ रही थीं। यहां से उन्होंने 50607 वोटों से जेडीयू के विजेंद्र यादव को हरा दिया है। किरन देवी के पति अरुण यादव बलात्कार के आरोप का सामना कर रहे थे और वो फरार हैं।

वीणा देव

वैशाली जिले की महनार सीट से राजद उम्मीदवार वीना सिंह बाहुबली राजनेता राम किशोर सिंह की पत्नी हैं। इस सीट पर उनका मुकाबला जेडीयू के उमेश कुशवाहा से था। वीणा यादव ने यहां से करीब 8 हजार वोटों से जीत दर्ज की है।

Advertisement
Image
Advertisement
Comments

No comments available.