पंजाब: भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस MP चौधरी संतोख सिंह का दिल का दौरा पड़ने से निधन

सांसद चौधरी संतोख सिंह की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें फगवाड़ा के विर्क अस्पताल में ले जाया गया. डॉ जसजीत विर्क के मुताबिक जब उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया तो डॉक्टरों की टीम भी उनके साथ थी.

  • 336
  • 0

जालंधर से कांग्रेस के सांसद चौधरी संतोख सिंह का शनिवार सुबह पंजाब के फिल्लौर में निधन हो गया. वह भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ-साथ चल रहे थे. तभी अचानक गिर गए और उनकी सांस फूलने लगी. उन्हें फौरन एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया था. लेकिन उनको बचाया नहीं जा सका. डॉक्टर ने बताया कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था. कांग्रेस सांसद के बाद भारत जोड़ो यात्रा को रोक दिया गया है. राहुल गांधी संतोष सिंह के घर के लिए रवाना हो गए हैं. सांसद चौधरी संतोख सिंह की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें फगवाड़ा के विर्क अस्पताल में ले जाया गया. डॉ जसजीत विर्क के मुताबिक जब उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया तो डॉक्टरों की टीम भी उनके साथ थी. अस्पताल लाते समय रास्ते में भी डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की. 

पंजाब कांग्रेस प्रमुख कहा- दुखद घटना है

कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन पर पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि ,उनका अंतिम संस्कार कल उनके गांव में होगा. राहुल गांधी को जैसे ही पता चला उन्होंने यात्रा बंद की और जहां उनको दोपहर में रुकना था वे वहां चले गए थे. यह दुखद घटना है और उनके परिवार के साथ सहानुभूति है.

 मल्लिकार्जुन खड़गे ने शोक व्यक्त किया

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने ट्वीट किया, 'हमारे सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन के बारे में जानकर गहरा सदमा और दुख हुआ..'

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जताया शोक

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कांग्रेस सांसद के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि जालंधर से कांग्रेस के सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है. भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें.

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने जताया दुख

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सांसद के निधन पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि आज दिल का दौरा पड़ने से सांसद संतोख सिंह चौधरी जी के आकस्मिक निधन के बारे में सुनकर अत्यंत दुख हुआ. दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके पूरे परिवार के साथ हैं. वाहेगुरु जी दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करें.

भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए थे MP

कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने बताया कि पार्टी सांसद संतोख चौधरी का निधन हो गया है. चौधरी फिल्लौर में राहुल गांधी के नेतृत्व वाली यात्रा में हिस्सा ले रहे थे, जहां वह बेहोश हो गए. बाजवा आज खुद भारत जोड़ो यात्रा में शामिल थे. उन्होंने बताया कि चौधरी को फगवाड़ा के एक अस्पताल में ले जाया गया जहां उनका निधन हो गया.

पार्थिव शरीर को ले जाया जाएगा जालंधर

सांसद चौधरी संतोख सिंह की पार्थिव शरीर उनके जालंधर शहर स्थित न्यू विजय नगर निवास पर लाया जा रहा है. कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का अंतिम संस्कार कल उनके गांव में किया जाएगा.  वह दूसरी बार सांसद बने थे. इससे पहले वह कांग्रेस की 1992 से 1997 की सरकार में फिल्लौर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हुए राजिंदर कौर भट्ठल और हरचरण सिंह बराड़ के मंत्रिमंडल में भी बतौर मंत्री सेवाएं दे चुके हैं.





RELATED ARTICLE

LEAVE A REPLY

POST COMMENT