Story Content
नई दिल्ली, November 25, 2026: 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान भारत की नापाक जासूसी कर रहा था चीन! गुजरात के ऊपर तैनात कर रखी थीं 3 सैटेलाइट्स; दावा।
अब एक नई जानकारी सामने आई है, जिसमें दावा किया गया है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन पाकिस्तान की मदद करने और उसे खुफिया जानकारी देने के लिए अंतरिक्ष से भारतीय सैन्य ठिकानों, बंदरगाहों और ऊर्जा ठिकानों की जासूसी कर रहा था। इसके लिए चालबाज चीन ने गुजरात तट के ऊपर तीन सैटेलाइट्स तैनात कर रखे थे। बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच जमीनी और हवाई संघर्ष जम्मू-कश्मीर और पंजाब के मोर्चों पर केंद्रित था।
द प्रिंट की रिपोर्ट में बेंगलुरु स्थित स्पेस सर्विलांस कंपनी 'दिगंतरा' (Digantara) के चौंकाने वाले तथ्यों के आधार पर विश्लेषण में कहा गया है कि 10 और 11 मई 2025 को चीन के तीन प्रमुख सर्विलांस सैटेलाइट्स निंग्शिया-14 (Ningxia-14), गाओफेन-11 (Gaofen-11) और याओगान-30 (Yaogan-30) गुजरात तटरेखा के सैन्य और नागरिक ठिकानों पर लगातार फोकस बनाए हुए थे। ये उपग्रह इलेक्ट्रॉनिक सिग्नल पकड़ने, हाई-रिजॉल्यूशन तस्वीरें लेने और सैन्य व समुद्री गतिविधियों की खुफिया जानकारी जुटाने में सक्षम हैं।
ये सैटेलाइट्स गुजरात के भुज, नलिया और जामनगर जैसे इलाकों की निगरानी कर रहे थे। उनके निशाने पर अग्रिम वायुसेना अड्डे, नौसैनिक प्रतिष्ठान और जामनगर जैसे ऊर्जा ठिकाने थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान सीमा के निकट स्थित भारतीय वायुसेना के रणनीतिक भुज और नलिया एयरबेस इन उपग्रहों की सीधी सर्विलांस रेंज में थे। इनके अलावा अरब सागर की सुरक्षा में तैनात भारतीय नौसेना के प्रमुख केंद्र INS सरदार पटेल और INS द्वारका की गतिविधियों को भी ट्रैक किया जा रहा था। देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील रिलायंस इंडस्ट्रीज का जामनगर रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स और उसके बंदरगाह भी जासूसी कर रहे चीनी उपग्रह के दायरे में थे।
बता दें कि 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम घाटी में आतंकी संगठन TRF द्वारा धर्म पूछकर 26 लोगों की हत्या के जवाब में भारत ने 7 मई को 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, जिस दिन भारत ने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया (7 मई) था, उसी दिन चीन के 'याओगान-43 01G' सैटेलाइट ने अपनी कक्षा (orbit) में बदलाव किया था, ताकि वह भारतीय सैन्य ठिकानों के ऊपर से गुजरते समय ज्यादा देर तक निगरानी रख सके।
निंग्शिया-14 (Ningxia-14): यह इलेक्ट्रोमैग्नेटिक सिग्नल (ELINT) मॉनिटरिंग सैटेलाइट है। अगर कोई युद्धपोत या एयर डिफेंस सिस्टम अपना रडार चालू करता है, तो यह उसके रेडियो-फ्रीक्वेंसी सिग्नलों को पकड़कर उसकी सटीक लोकेशन ट्रेस कर लेता है।
गाओफेन-11 (Gaofen-11): 0.8-मीटर रिजोल्यूशन वाली हाई-टेक ऑप्टिकल इमेजिंग क्षमता से लैस यह उपग्रह रनवे पर खड़े अलग-अलग लड़ाकू विमानों और बंदरगाह पर खड़े युद्धपोतों तक की तस्वीरें साफ तौर पर खींच सकता है।
याओगान-30 (Yaogan-30): 30 उपग्रहों का यह समूह लगभग 600 किमी की ऊंचाई पर 35-डिग्री झुकाव के साथ पृथ्वी की परिक्रमा करता है और लगातार रडार व इलेक्ट्रॉनिक खुफिया जानकारी जुटाता है।
सुरक्षा विश्लेषकों की चेतावनी पूर्व वायुसेना अधिकारी और MP-IDSA के उप महानिदेशक अजय लेले के अनुसार, समुद्री संपत्तियों की आवाजाही का अंदाजा लगाने के लिए केवल एक अच्छी सैटेलाइट तस्वीर ही काफी होती है। हालांकि, इस रिपोर्ट में इस बात का कोई प्रमाण नहीं मिला है कि चीन ने यह खुफिया डेटा सीधे पाकिस्तान के साथ साझा किया या नहीं। फिर भी, दिगंतरा की रिपोर्ट ने स्पष्ट रूप से आगाह किया है कि ऑपरेशन सिंदूर ने अंतरिक्ष आधारित लगातार निगरानी के प्रति भारत के महत्वपूर्ण सैन्य बुनियादी ढांचे की बढ़ती संवेदनशीलता को उजागर कर दिया है।
स्रोत के मुताबिक: Advertise with us About us Careers Privacy Contact us Sitemap Code Of Ethics
स्रोत के मुताबिक: Partner sites: Hindustan Times Mint HT Tech Shine HT Auto Healthshots HT Smartcast FAB Play
स्रोत: Instafeed Desk।
तस्वीर: Ministry of Defence, Wikimedia Commons, GODL-India

Comments
Add a Comment:
No comments available.