Story Content
नई दिल्ली, November 23, 2026: 'बिना कानून जाने बाहुबली की तरह व्यवहार न करें', सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के एक जज को लगाई फटकार।
सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के एक सत्र न्यायाधीश को पुलिस अधिकारी को तुरंत दोषी ठहराने पर कड़ी फटकार लगाई है। शीर्ष अदालत ने जज को बाहुबली की तरह व्यवहार न करने की चेतावनी देते हुए उनकी न्यायिक समझ पर सवाल उठाए।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के एक सत्र न्यायाधीश के कामकाज के तरीके पर गहरी नाराजगी जताते हुए उन्हें कड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट के आदेश के बावजूद एफआईआर दर्ज न करने पर एक पुलिस अधिकारी को उसी दिन दोषी ठहराने और जुर्माना लगाने के मामले में शीर्ष अदालत ने जज से कहा कि वे बाहुबली की तरह व्यवहार करना बंद करें।
मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ ने न्यायिक अधिकारी की याचिका पर सुनवाई करते हुए उनकी कानून की बुनियादी समझ और कोर्टरूम के रवैये पर गंभीर सवाल उठाए।
सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने सेशन जज की कार्यशैली पर बेहद सख्त लहजे में टिप्पणी की। सर्वोच्च न्यायालय ने कहा कि कानून की आपकी समझ वाकई बेहद निराशाजनक है।
कोर्ट ने कहा कि आपने जिस आक्रामक तरीके से काम किया है, एक पुलिस अधीक्षक (SP) को तलब करना और उसी दिन उन्हें दोषी ठहरा देना यह बेहद चिंताजनक है। सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने याचिकाकर्ता जज के वकील से स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे अपने मुवक्किल को समझाएं कि वे बाहुबली की तरह बर्ताव करना बंद करें।
बता दें कि यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब बिहार के सेशन जज ने किसी मामले में पुलिस को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया था। लेकिन जब संबंधित पुलिस अधिकारी ने एफआईआर दर्ज नहीं की, तो जज ने इसे अदालत की मौजूदगी में किया गया अपराध मान लिया। उन्होंने न केवल वरिष्ठ अधिकारी को दोषी करार दिया, बल्कि उन पर जुर्माना भी लगा दिया।
सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालत के इस तरीके पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या सेशन जज ने अपने कानूनी अधिकार क्षेत्र में रहकर काम किया है? शीर्ष अदालत ने पूछा कि क्या किसी सेशन जज के पास यह अधिकार है कि वह जिला मजिस्ट्रेट (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) को अपने कोर्टरूम में बुलाए, उनके पेश न होने को अदालत का सीधा अपमान माने और उसी दिन उन्हें दोषी ठहराकर सजा सुना दे?
मामले में जस्टिस बागची ने सेशन जज को नसीहत दी कि उन्हें पहले अदालत की अवमानना के दायरे और कानूनी प्रावधानों को ठीक से समझना चाहिए। कोर्ट ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 384 और पुरानी सीआरपीसी (CrPC) की धारा 345 का हवाला देते हुए दोनों स्थितियों का अंतर स्पष्ट किया।
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने समझाया कि इन धाराओं के तहत जज को तभी तुरंत दंडात्मक कार्रवाई करने का अधिकार है, जब अदालत की कार्यवाही के दौरान या जज की सीधी मौजूदगी में कोर्टरूम के अंदर कोई गंभीर बाधा डाली जाए।
उदाहरण देते हुए जस्टिस बागची ने बताया कि अगर कोई कोर्टरूम के अंदर किसी को थप्पड़ मार दे, कार्यवाही के दौरान गाली-गलौज करे या जज के स्पष्ट आदेश के बावजूद कोर्टरूम से बाहर जाने से इनकार कर दे।
इसके अलावा सर्वोच्च न्यायालय ने यह भी बताया कि अगर कोई अधिकारी कोर्टरूम के बाहर दिए गए किसी आदेश का पालन नहीं करता है, तो वह 'अदालत के सामने किए गए अपराध' की श्रेणी में नहीं आता। ऐसे मामलों में कार्रवाई करने के लिए कानून में एक अलग प्रक्रिया और निर्धारित नियम बनाए गए हैं, जिनका पालन करना अनिवार्य है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings , Shiv Chalisa , राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।
स्रोत: Instafeed Desk।
तस्वीर: James Rennell, Wikimedia Commons, Public domain

Comments
Add a Comment:
No comments available.