Story Content
नई दिल्ली, November 14, 2026: डेढ़ साल में जोधपुर में 65 हजार लोगों को हुई डायबिटीज, आधुनिक दवाएं दे रहीं बेहतर परिणाम।
टाइप-2 डायबिटीज के मरीजों के लिए तीन हार्मोन पर एक साथ काम करने वाली नई दवा रेटाट्रूटाइड (रेटाट्रूटाइड) से उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। गोली के रूप में मिलने वाली जीएलपी-1 आधारित दवा ओरफोरग्लिप्रोन भी उपचार के क्षेत्र में नई संभावना बनकर उभरी है। 14 नवंबर को विश्व मधुमेह दिवस मनाया जाएगा। वर्ष 2026-27 के लिए इंटरनेशनल डायबिटीज फेडरेशन ने अर्ली एक्शन ऑन डायबिटीज थीम रखी है। इसका उद्देश्य बीमारी की समय पर पहचान, जोखिम कम करने और मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध करवाना है।
एनएनएफ अध्यक्ष व आईएमए सचिव डॉ. प्रदीप जैन ने बताया गर्भ में शिशु का पोषण, जन्म के बाद की आहार संबंधी आदतें और बचपन से किशोरावस्था तक की जीवनशैली भविष्य के स्वास्थ्य को प्रभावित करती हैं। ‘प्रिमॉर्डियल प्रिवेंशन’ अर्थात आदिम रोकथाम का उद्देश्य मोटापा, अस्वस्थ भोजन और शारीरिक निष्क्रियता जैसे जोखिम कारकों को विकसित होने से पहले ही रोकना है।
नई तकनीक में ग्लूकोज मॉनिटरिंग सेंसर और इंसुलिन पंप को जोड़कर आर्टिफिशियल पैंक्रियाज सिस्टम विकसित किया है। यह सेंसर शुगर की लगातार निगरानी करता है और जरूरत के अनुसार इंसुलिन की मात्रा को स्वचालित रूप से नियंत्रित करता है। यह तकनीक खासतौर पर टाइप-1 डायबिटीज के मरीजों के लिए उपयोगी है।
विश्व मधुमेह दिवस पर मेडिकल कॉलेज एवं मथुरादास माथुर हॉस्पिटल के एंडोक्राइनोलॉजी एवं डायबिटीज विभाग की ओर से शुक्रवार को एंडोक्राइनोलॉजी ओपीडी में मधुमेह जागरूकता एवं जांच शिविर का आयोजन हुआ। डॉ. दिनेश पाल सिंह ने लक्षण, कारण एवं बचाव बताए। डॉ. रौनक गांधी ने मधुमेह से होने वाली विभिन्न जटिलताओं, जैसे हृदयरोग, किडनी रोग, आंखों एवं नसों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों तथा समय पर पहचान और रोकथाम के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. हिमांशी सोनी, गेस्ट्रोएंट्रोलॉजी के विभागाध्यक्ष सुनील दाधीच ने भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। अधीक्षक विकास राजपुरोहित ने कार्यक्रम की सराहना की।
मेडिकल कॉलेज में एंडोक्राइनोलॉजी विभाग के असिस्टेंट प्रो. डॉ. रौनक गांधी ने बताया कि डायबिटीज और वजन नियंत्रण के क्षेत्र में आधुनिक दवाओं के इस्तेमाल से मरीजों को बेहतर परिणाम मिल रहे हैं। हालांकि ट्रिपल एगोनिस्ट दवा रेटेट्रूटाइड अभी बाजार में उपलब्ध नहीं है। इसकी जगह साप्ताहिक इंजेक्शन सेमाग्लूटाइड और टिर्जेपेटाइड का नियमित उपयोग हो रहा है, जो बेहद कारगर है।
जनवरी-फरवरी तक भारतीय बाजार में फाउंडायो दवा आने की उम्मीद है। रोजाना दिए जाने वाले बेसल इंसुलिन (ग्लार्गिन और ट्रेसिबा) के मुकाबले आइकोडेक सप्ताह में केवल एक बार दिया जाता है। वहीं टाइप-1 डायबिटीज में शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली अग्नाशय की इंसुलिन बनाने वाली बीटा कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाती है। ऐसे में स्टेम सेल से नई बीटा कोशिकाएं विकसित कर प्रत्यारोपित करने पर शोध चल रहा है।
स्रोत: Instafeed Desk।
तस्वीर: Celeda, Wikimedia Commons, CC BY-SA 4.0

Comments
Add a Comment:
No comments available.