Hindi English
Login
Image
Image

Welcome to Instafeed

Latest News, Updates, and Trending Stories

कल्याण सिंह: PM ने किये अंतिम दर्शन, दी श्रद्धांजलि

पूर्व मुख्यमंत्री के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए लोक भवन और प्रदेश भाजपा कार्यालय में भी रखा जाएगा. उसके बाद उसे अलीगढ़ ले जाया जाएगा.

Advertisement
Instafeed.org

By Naazu | खबरें - 22 August 2021

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ पहुंचकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के आज अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. PM मोदी रविवार पूर्वाह्न लखनऊ के मॉल एवेन्यू स्थित सिंह के आवास पहुंचे, जहां उनका पार्थिव शरीर रखा गया है. प्रधानमंत्री ने उनके अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. इस दौरान उनके साथ भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद थे.

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का शनिवार रात नौ बजे लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया. वह 89 वर्ष के थे. वह पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे.

पीएम ने किए सिलसिलेवार ट्वीट 

प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजनेता कल्याण सिंह जी के अंतिम दर्शनार्थ लखनऊ पहुंचे.’’

प्रधानमंत्री मोदी ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ‘‘कल्याण सिंह जी समाज के कमजोर और वंचित वर्ग के करोड़ों लोगों की आवाज थे. उन्होंने किसानों, युवाओं और महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए अनगिनत प्रयास किए. उनका समर्पण और सेवाभाव लोगों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा.’’

उन्होंने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा, ‘‘भारत की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करने में कल्याण सिंह जी ने अहम भूमिका निभाई. देश की हर पीढ़ी इसके लिए उनकी आभारी रहेगी. वह भारतीय मूल्यों में रचे-बसे थे और अपनी सदियों पुरानी परंपरा को लेकर उन्हें गर्व था.’’

मोदी ने कहा, ‘‘दुख की इस घड़ी में मेरे पास शब्द नहीं हैं. कल्याण सिंह जी जमीन से जुड़े बड़े राजनेता और कुशल प्रशासक होने के साथ-साथ एक महान व्यक्तित्व के स्वामी थे. उत्तर प्रदेश के विकास में उनका योगदान अमिट है. शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं.’’

पूर्व मुख्यमंत्री के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए लोक भवन और प्रदेश भाजपा कार्यालय में भी रखा जाएगा. उसके बाद उसे अलीगढ़ ले जाया जाएगा.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कल्याण सिंह के निधन पर शोक जताते हुए प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है, उन्होंने 23 अगस्त को एक दिन का सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की है. कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार 23 अगस्त को नरौरा में गंगा तट पर किया जायेगा.



Advertisement
Image
Advertisement
Comments

No comments available.