Story Content
IPL 2025: मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आज करो या मरो का मुकाबला, बारिश बिगाड़ सकती है खेल
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 अपने आखिरी और सबसे रोमांचक पड़ाव पर पहुंच चुका है। सीजन 18 के 63वें मुकाबले में आज मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच वानखेड़े स्टेडियम में एक हाई-वोल्टेज मैच खेला जाना है। यह मुकाबला प्लेऑफ की दौड़ के लिहाज से बेहद निर्णायक माना जा रहा है। लेकिन मैच से ठीक पहले मौसम ने सभी की टेंशन बढ़ा दी है, क्योंकि मुंबई में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
बारिश बनी टेंशन की वजह
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए 21 मई से अगले 4 दिनों तक ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, वानखेड़े स्टेडियम में आज दिनभर तेज बारिश की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो आज का यह अहम मुकाबला रद्द हो सकता है।
बारिश की वजह से अगर मैच नहीं हो पाया तो दोनों टीमों को 1-1 अंक दिए जाएंगे। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स का प्लेऑफ में पहुंचने का रास्ता मुश्किल हो जाएगा, जबकि मुंबई इंडियंस को फायदा मिल सकता है।
अंक तालिका पर असर
अब तक मुंबई और दिल्ली दोनों ही 12-12 मैच खेल चुके हैं। मुंबई के 14 और दिल्ली के 13 अंक हैं। अगर आज का मैच बारिश के कारण रद्द हो गया तो मुंबई 15 और दिल्ली 14 अंकों पर पहुंच जाएगी। इसके बाद दोनों टीमों को पंजाब किंग्स के साथ अपना आखिरी मुकाबला खेलना है।
-
अगर मुंबई पंजाब को हरा देती है तो उसके 17 अंक हो जाएंगे और वह प्लेऑफ में क्वालीफाई कर जाएगी।
-
वहीं दिल्ली अगर पंजाब को हरा भी देती है, फिर भी उसे मुंबई और पंजाब के मैच के नतीजे का इंतजार करना पड़ेगा।
दिल्ली कैपिटल्स के मालिक ने जताई नाराजगी
दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक ने बीसीसीआई से अपील करते हुए कहा है कि जिस तरह से RCB बनाम SRH का मैच बारिश के खतरे को देखते हुए बेंगलुरु से बाहर शिफ्ट किया गया, वैसे ही आज के मुकाबले को भी किसी दूसरी जगह स्थानांतरित कर देना चाहिए था। उन्होंने कहा, “हमें 6 दिन पहले ही पता था कि 21 मई को मुंबई में भारी बारिश की संभावना है। ऐसे में मैच को शिफ्ट न करना गलत फैसला है।”
बीसीसीआई को केकेआर ने भी लिखा पत्र
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने भी BCCI को एक चिट्ठी लिखी है, जिसमें उन्होंने इस बात पर नाराजगी जाहिर की है कि कुछ मैचों में बारिश के बावजूद अतिरिक्त 60 मिनट का समय नहीं दिया गया, जबकि अब कुछ मैचों में ऐसा किया जा रहा है। इससे यह स्पष्ट होता है कि कुछ टीमों को फायदा और कुछ को नुकसान हो रहा है।
बिना खेले ही तय हो सकती है किस्मत
अगर मुंबई और दिल्ली का यह मुकाबला रद्द होता है तो प्लेऑफ की तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी। अभी तक तीन टीमें — गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स — पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं। चौथी टीम के लिए रेस अब सिर्फ दिल्ली और मुंबई के बीच बची है।
लेकिन अगर आज का मैच नहीं हो पाया और मुंबई अपने आखिरी मैच में जीत जाती है, तो दिल्ली के पास कोई मौका नहीं बचेगा। वहीं अगर मुंबई हारती है और दिल्ली जीतती है, तभी दिल्ली को प्लेऑफ का टिकट मिलेगा।
सभी की निगाहें आसमान पर
फैंस, खिलाड़ी और टीम मैनेजमेंट – सभी की निगाहें अब आसमान की ओर हैं। एक तरफ जहां मुंबई को आज का मैच रद्द होने से फायदा मिलेगा, वहीं दिल्ली के लिए यह एक झटका साबित हो सकता है। देखना दिलचस्प होगा कि बारिश क्रिकेट से बड़ी बनती है या मैदान में खेल तय करेगा प्लेऑफ की चौथी टीम।




Comments
Add a Comment:
No comments available.