Story Content
IPL 2025: धोनी फिर बने कप्तान, गांगुली बोले - “MS को कप्तान ही रहना चाहिए” | रिंकू सिंह को लेकर भी दी बड़ी प्रतिक्रिया
भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गजों – सौरव गांगुली और महेंद्र सिंह धोनी – का नाम जब भी साथ आता है, क्रिकेट प्रेमियों की दिलचस्पी अपने आप बढ़ जाती है। अब जब चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने आईपीएल 2025 के बाकी बचे मैचों के लिए एक बार फिर एमएस धोनी को कप्तानी सौंप दी है, तब गांगुली का बयान और भी अहम हो गया है।
धोनी की कप्तानी में लौटे पुराने रंग: गांगुली
पूर्व कप्तान और बीसीसीआई अध्यक्ष रह चुके सौरव गांगुली का मानना है कि अगर धोनी को सीएसके के लिए खेलना है, तो उन्हें कप्तानी करनी ही चाहिए। गांगुली ने कहा:
“मेरा यह मानना है कि अगर एमएस धोनी को CSK के लिए खेलना है, तो उसे कप्तान ही रहना होगा, क्योंकि कप्तानी करते समय वह एक अलग ही रंग में नजर आते हैं।”
गांगुली की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब रूतुराज गायकवाड़ कोहनी में फ्रैक्चर के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं, और सीएसके ने धोनी को दोबारा कमान सौंपी है।
फॉर्म और फिटनेस पर उठे सवाल, फिर भी कप्तानी में भरोसा
धोनी की हालिया फॉर्म और फिटनेस को लेकर आलोचना जारी है। IPL 2025 में उनकी बैटिंग पोजीशन निचली रही, और घुटने की दिक्कत के कारण वो पूरी लय में नहीं दिखे। बावजूद इसके, कप्तानी में उनका अनुभव और मैदान पर उनकी रणनीतिक समझ अब भी बेजोड़ मानी जाती है।
गांगुली ने कहा:
“वह 43 साल का हो गया है। अब वैसे नहीं खेल सकता जैसे 2005 में खेलता था, यह स्वाभाविक है। लेकिन उसके अंदर अभी भी बड़े शॉट्स मारने की ताकत है। कप्तानी करते हुए वो टीम को संबल और दिशा देता है।”
CSK की लगातार चार हार के बाद धोनी की वापसी
चेन्नई सुपर किंग्स इस समय बुरे दौर से गुजर रही है। टीम लगातार चार मुकाबले हार चुकी है, और ऐसे में फ्रेंचाइज़ी को एक बार फिर अपने ‘थाला’ पर भरोसा करना पड़ा। यह 2023 में खिताब जीतने के बाद बतौर कप्तान धोनी का पहला मैच होगा, जिससे फैंस में जबरदस्त उत्साह है।
"धोनी वही करेगा जो CSK के लिए सही है" – दादा
गांगुली ने धोनी की क्रिकेट समझ और रणनीति की तारीफ करते हुए कहा:
“उसे अनुभव है, और वह जानता है टीम को कैसे आगे ले जाना है। वो वही करेगा जो सीएसके के लिए सही होगा।”
रिंकू सिंह को लेकर जताई चिंता
सिर्फ धोनी ही नहीं, गांगुली ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को लेकर भी अपनी राय दी। ईडन गार्डन्स पर टीम के खराब रिकॉर्ड पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा:
“ये अजिंक्य रहाणे से पूछो, वह ही जवाब दे सकेगा। मेरे लिए चिंता की बात है कि रिंकू सिंह बल्लेबाजी क्रम में काफी नीचे आ रहे हैं।”
गांगुली का मानना है कि रिंकू जैसे विस्फोटक बल्लेबाज़ को ऊपरी क्रम में भेजना टीम के लिए ज्यादा फायदेमंद हो सकता है।
क्या धोनी एक बार फिर CSK को जीत दिला पाएंगे?
धोनी की कप्तानी में वापसी से चेन्नई सुपर किंग्स को एक नई ऊर्जा और रणनीतिक धार मिलने की उम्मीद है। वहीं क्रिकेट फैंस के लिए ये एक इमोशनल मोमेंट भी है – शायद ये धोनी का आखिरी सीजन भी हो सकता है। अब देखना होगा कि क्या वह अपने फेयरवेल सीजन में टीम को एक और ट्रॉफी दिला पाएंगे?




Comments
Add a Comment:
No comments available.