Story Content
नई दिल्ली, 25 नवंबर 2026: वैभव सूर्यवंशी में माइकल जैक्सन के बचपन की झलक ! दोनों की कहानी के 6 कनेक्शन कर देंगे हैरान।
माइकल जैक्सन अब इस दुनिया में नहीं हैं. 25 जून 2009 को 50 साल की उम्र में लॉस एंजिलिस में उनका निधन हो गया था. लेकिन उनके गाने, डांस और मंच पर जादुई अंदाज आज भी दुनिया भर के लोगों को आकर्षित करते हैं. दूसरी ओर, वैभव सूर्यवंशी महज 15 साल के हैं और क्रिकेट की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के सफर पर हैं. एक की जिंदगी और कामयाबी इतिहास का हिस्सा बन चुकी है, जबकि दूसरे की कहानी अभी लिखी जा रही है.
24 अप्रैल 2026 को रिलीज हुई बायोपिक फिल्म 'Michael' में माइकल जैक्सन के शुरुआती जीवन, उनके परिवार, जैक्सन 5 के सफर और एक असाधारण कलाकार बनने की कहानी दिखाई गई है. एंटोइन फुक्वा के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने माइकल के उस सफर को फिर चर्चा में ला दिया, जिसकी शुरुआत एक छोटे बच्चे के रूप में हुई थी. उस बच्चे के पीछे एक ऐसा पिता था, जिसने उसकी प्रतिभा पहचान ली थी और उसे दुनिया के सामने लाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी.
माइकल जैक्सन की कहानी में उनके पिता जोसेफ जैक्सन का किरदार बेहद अहम था. जोसेफ खुद संगीत में रुचि रखते थे. वह चाहते थे कि उनके बच्चे संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बनाएं. उन्होंने अपने पांच बेटों- जैकी, टीटो, जर्मेन, मार्लन और माइकल को मिलाकर 'जैक्सन 5' ग्रुप बनाया. माइकल इस ग्रुप के सबसे कम उम्र के सदस्य थे, लेकिन उनकी प्रतिभा इतनी जबरदस्त थी कि जल्द ही वह इसकी सबसे बड़ी पहचान बन गए.
जोसेफ का तरीका बेहद सख्त था. बच्चों को घंटों अभ्यास करना पड़ता था. रिहर्सल में जरा सी गलती पर भी वह नाराज हो जाते थे. माइकल ने बाद में अपने बचपन के बारे में बताया था कि उनके पिता उन्हें बेल्ट से पीटते थे. पिता का डर उनके मन में इस कदर बैठा हुआ था कि कई बार रिहर्सल के दौरान उन्हें देखकर वह घबरा जाते थे. जोसेफ का मानना था कि बच्चों को बड़ा कलाकार बनना है तो सामान्य बच्चों से कहीं ज्यादा मेहनत करनी होगी.
माइकल का बचपन इस लिहाज से आसान नहीं था. वह बहुत कम उम्र में मंच पर पहुंच गए थे. खेलने-कूदने और आम बच्चों की तरह जिंदगी जीने के मौके कम मिले. लेकिन पिता के सख्त अनुशासन और लगातार अभ्यास ने जैक्सन 5 को संगीत की दुनिया में बड़ी पहचान दिलाई.
वैभव सूर्यवंशी के पिता संजीव की कहानी भी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है. संजीव क्रिकेट के शौकीन थे... खुद भी क्रिकेट का सपना देखा था. उन्होंने बहुत जल्दी समझ लिया था कि उनके बेटे में कुछ अलग करने की क्षमता है. वैभव ने महज चार साल की उम्र में बल्ला थाम लिया था. संजीव ने उसे सिर्फ क्रिकेट खेलने तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसकी प्रतिभा को पहचानकर बेहतर प्रशिक्षण दिलाने की ठान ली.
यह सपना आसान नहीं था. छोटे कस्बे में बड़े स्तर की क्रिकेट सुविधाएं नहीं थीं. ऐसे में संजीव को बेटे की ट्रेनिंग के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी. मोतीपुर से पटना तक आने-जाने में घंटों लगते थे. कई बार पांच घंटे तक का सफर करना पड़ता था. बेटे के अभ्यास और बेहतर प्रशिक्षण के लिए उन्होंने पुश्तैनी जमीन तक बेच दी. कारोबार भी प्रभावित हुआ. लेकिन उन्होंने वैभव के क्रिकेटर बनने के सपने से समझौता नहीं किया.
संजीव ने एक इंटरव्यू में बताया था कि हर माता-पिता अपने बच्चे को शीर्ष पर देखना चाहते हैं. वैभव के लिए उनकी मेहनत के पीछे भी यही सपना था. वह चाहते थे कि उनका बेटा सिर्फ अच्छा क्रिकेटर न बने, बल्कि देश के लिए खेले. आज जब वैभव भारतीय टीम की जर्सी पहनकर मैदान पर उतरते हैं, तो उस सफर के पीछे पिता के संघर्ष की लंबी कहानी दिखाई देती है.
दोनों पिताओं की तुलना का एक पहलू और भी दिलचस्प है. जोसेफ जैक्सन ने अपने बच्चों को सख्त अनुशासन और दबाव में रखकर तैयार किया, जबकि संजीव सूर्यवंशी की कहानी बेटे के लिए सुविधाएं जुटाने, प्रशिक्षण और आर्थिक कुर्बानियां देने की है. दोनों के तरीके अलग थे, लेकिन अपने बेटे को असाधारण ऊंचाई पर देखने की महत्वाकांक्षा एक जैसी थी.
कार्टून से प्यार, लेकिन प्रेरणा दिग्गजों से... दोनों का अपना अलग अंदाज
बचपन की एक और समानता दोनों की पसंद में दिखाई देती है. माइकल जैक्सन के भीतर एक कलाकार बहुत छोटी उम्र से ही पल रहा था. उन्हें संगीत के साथ फिल्मों और मनोरंजन की दूसरी विधाओं में भी दिलचस्पी थी. चार्ली चैप्लिन के मूक अभिनय, चेहरे के हावभाव और शरीर की भाषा ने माइकल को प्रभावित किया. चैप्लिन बिना बोले अपने चेहरे और शरीर के जरिए भावनाएं जाहिर कर देते थे. माइकल ने भी अपने प्रदर्शन में इस तरह की अभिव्यक्ति को खास जगह दी. आगे चलकर उनका डांस, चेहरे के एक्सप्रेशन और मंच पर चलने का अंदाज उनकी सबसे बड़ी पहचान बन गया.
वैभव की पसंद भी कुछ अलग नहीं है. वह आज भी खाली समय में कार्टून देखते हैं. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने जब उनसे पूछा कि मैच से पहले वह किस तरह तैयारी करते हैं, तो वैभव का जवाब था- कार्टून देखकर. यह जवाब सुनकर वॉन भी हैरान रह गए थे. जिस उम्र में दूसरे खिलाड़ी मैच से पहले दबाव और रणनीति की बात करते हैं, उस उम्र में वैभव कार्टून देखने की बात करते हैं.
हालांकि, वैभव की बल्लेबाजी को निखारने के लिए उनके पिता ने उन्हें क्रिकेट के बड़े सितारों के वीडियो दिखाए. ब्रायन लारा और युवराज सिंह उनके पसंदीदा खिलाड़ियों में रहे हैं. बाएं हाथ से बल्लेबाजी करने वाले वैभव को लारा के वीडियो दिखाने के पीछे भी खास वजह थी. उनके पिता चाहते थे कि बेटा इस महान बल्लेबाज की तरह गेंद को टाइम करना और मैदान के चारों ओर शॉट लगाना सीखे. युवराज की आक्रामक बल्लेबाजी भी वैभव के लिए प्रेरणा बनी.
यहां एक दिलचस्प फर्क भी है. माइकल ने चार्ली चैप्लिन से मंच पर अपनी अभिव्यक्ति बेहतर बनाने की प्रेरणा ली, जबकि वैभव ने लारा और युवराज के वीडियो के जरिए बल्लेबाजी के गुर सीखे. दोनों के लिए प्रेरणा का मतलब किसी की नकल करना नहीं, बल्कि अपने हुनर में कुछ नया जोड़ना था.
स्रोत: Instafeed Desk।
Instafeed ग्राफिक

Comments
Add a Comment:
No comments available.