Story Content
विराट कोहली की टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट के बाद भावुक हुईं अनुष्का शर्मा, शेयर किया दिल छू लेने वाला पोस्ट
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। विराट के इस फैसले से जहां एक ओर क्रिकेट प्रेमी स्तब्ध हैं, वहीं दूसरी ओर उनके चाहने वालों की आंखें नम हैं। विराट के फैन्स के साथ-साथ उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा भी इस खबर से काफी भावुक नजर आ रही हैं। अनुष्का लगातार सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने पति की उपलब्धियों और संघर्ष को याद कर रही हैं।
अनुष्का शर्मा ने किया भावुक पोस्ट
विराट की रिटायरमेंट के बाद अनुष्का शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक खास पोस्ट शेयर की है जिसमें लिखा है:
"इसीलिए टेस्ट क्रिकेट में वही सफल हुए जिनके पास कहने को कोई कहानी थी... लंबी कहानी, जो गीली, सूखी, देशी, विदेशी हर पिच पर लिख के भी खत्म न हो..."
इस पोस्ट के साथ अनुष्का ने एक सफेद दिल वाला इमोजी भी लगाया, जो इस बात का प्रतीक है कि उनके दिल में विराट के लिए कितना गर्व और प्यार है।
प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुंचे विराट और अनुष्का
रिटायरमेंट की घोषणा के बाद मंगलवार को विराट कोहली और अनुष्का शर्मा प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे। वहाँ दोनों ने प्रार्थना और आशीर्वाद लिया। जब महाराज जी ने विराट से पूछा कि कैसे हो, तो विराट ने जवाब दिया – "ठीक ही हैं।" इस दौरान अनुष्का शर्मा महाराज की बातें सुनकर इतनी भावुक हो गईं कि उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इसे खूब पसंद कर रहे हैं।
अनुष्का शर्मा का वर्क फ्रंट
बात करें अनुष्का शर्मा के फिल्मी करियर की तो उन्होंने आखिरी बार साल 2018 में रिलीज़ हुई फिल्म 'जीरो' में लीड रोल निभाया था। इस फिल्म में उनके साथ शाहरुख खान और कैटरीना कैफ भी नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने नेटफ्लिक्स की फिल्म 'कला' में एक कैमियो रोल किया, लेकिन बतौर मुख्य अभिनेत्री वे काफी समय से बड़े पर्दे से दूर हैं।
क्या ठंडे बस्ते में चली गई है ‘चकदा एक्सप्रेस’?
अनुष्का शर्मा के फैन्स उन्हें दोबारा बड़े पर्दे पर देखने के लिए बेताब हैं। उनकी आने वाली फिल्म ‘चकदा एक्सप्रेस’, जो भारतीय महिला क्रिकेटर झूलन गोस्वामी की बायोपिक है, काफी समय से चर्चा में थी। हालांकि अब खबरें आ रही हैं कि ये फिल्म ठंडे बस्ते में जा सकती है, क्योंकि इसकी रिलीज़ को लेकर कोई ठोस अपडेट सामने नहीं आया है।
विराट कोहली का टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट भारतीय क्रिकेट के लिए एक भावुक पल है। वहीं, अनुष्का शर्मा ने जिस तरह अपने पति का समर्थन किया है, वह न सिर्फ प्रेरणादायक है बल्कि यह भी दर्शाता है कि सफलता के पीछे एक मजबूत साथी का हाथ भी होता है।




Comments
Add a Comment:
No comments available.