Story Content
नई दिल्ली, November 9, 2026: चीन पर भारी भारत, रेटिंग में हमसे पिछड़ा, एक्सपर्ट ने गिना दिए दबदबे वाले फैक्टर।
ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म HSBC ने अपने हालिया नोट में भारत की रेटिंग को 'न्यूट्रल' से अपग्रेड करके 'ओवरवेट' किया है। इसके उलट चीन की रेटिंग को 'ओवरवेट' से घटाकर 'न्यूट्रल' कर दिया है। HSBC का मानना है कि एशियाई बाजारों में एक ओर जहां AI बेस्ड कंपनियों का बोलबाला है। वहीं, भारत कम अस्थिरता और विविधता का बेहतरीन ऑप्शन देता है। ब्रोकरेज के अनुसार, भारतीय कंपनियों की आय में मजबूती और उचित वैल्यूएशन ने निवेशकों को आकर्षित किया है। वहीं, दूसरी तरफ चीन में प्रॉपर्टी मार्केट में दबाव, कमजोर कंज्यूमर कॉन्फिडेंस और घरेलू निवेश में सुस्ती के चलते तेजी के फैक्टर नजर नहीं आ रहे हैं।
ऊर्जा की बढ़ती कीमतों और मिडिल ईस्ट टेंशन जैसी चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था ने शानदार मजबूती दिखाई है। HSBC ने साफ किया कि भारत का करंट अकाउंट डेफिसिट (CAD) बेकाबू नहीं हुआ है। इसका बड़ा श्रेय देश के मजबूत सर्विस एक्सपोर्ट को जाता है। इस पर AI के आने से कोई बुरा असर नहीं पड़ा है। इसके अलावा कॉर्पोरेट रेवेन्यू ग्रोथ, ऑटो बिक्री में उछाल, प्राइवेट क्रेडिट में रिकवरी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर सरकार का लगातार बढ़ता खर्च यह साबित करता है कि भारत ने ग्लोबल जोखिमों के बावजूद अपनी रफ्तार बनाए रखी है। HSBC ने भारतीय बैंकों, कंज्यूमर गुड्स, इंडस्ट्रियल्स, इंश्योरेंस और हॉस्पिटल्स सेक्टर में निवेश के बेहतरीन मौके बताए हैं।
एनएसई के एमडी और सीईओ आशीष कुमार चौहान के अनुसार, भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बना हुआ है। साल दर साल 7.5 फीसदी की जीडीपी ग्रोथ रेट के साथ देश आने वाले सालों में और तेजी से विकास करने के लिए तैयार है। चौहान के मुताबिक, भारत 85 फीसदी कच्चा तेल (क्रूड) इंपोर्ट करता है। फिर भी सरकार ने मजबूत टैक्स कलेक्शन के दम पर फिस्कल डेफिसिट को बेहद शानदार ढंग से कंट्रोल किया है। इस बजटीय मजबूती के कारण ही इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार सृजन में सरकारी निवेश बढ़ा है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि नए संवत वर्ष से ठीक पहले विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की घरेलू बाजारों में वापसी देश के आर्थिक भविष्य का सकारात्मक संकेत है।
एनएसई प्रमुख ने भारत की आंतरिक आर्थिक क्षमता पर भी रोशनी डाली। उनके मुताबिक, देश में घरेलू वित्तीय बचत सालाना करीब 1.4 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई है। इसने विदेशी पूंजी के उतार-चढ़ाव के बीच भारतीय बाजारों को जबरदस्त स्थिरता प्रदान की है। इसके अलावा, एनएसई ने अपनी तकनीकी क्षमताओं को और मजबूत करके नैनोसेकंड-स्तर की रेस्पॉन्स स्पीड हासिल की है। इससे यह दुनिया का सबसे तेज एक्सचेंज बन गया है। रिटेल निवेशकों के लिए एआई-बेस्ड एनालिटिक्स और मोबाइल ऐप अपग्रेड भी पेश किए गए हैं। चौहान ने नए और छोटे निवेशकों को टिप्स पर आधारित ट्रेडिंग, डेरिवेटिव्स (F&O) और इंट्राडे सट्टेबाजी से दूर रहने की चेतावनी दी है। लंबी अवधि के निवेश पर भरोसा जताने की सलाह दी।
स्रोत: Instafeed Desk।
तस्वीर: Uprising Man, Wikimedia Commons, CC BY-SA 4.0

Comments
Add a Comment:
No comments available.