Story Content
फरीदाबाद जिले में 28 मई को मनाए जाने वाले ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। त्योहार को देखते हुए पूरे शहर में करीब 1000 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। खासकर भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पुलिस प्रशासन ने एनआईटी मार्केट, ओल्ड फरीदाबाद बाजार, बल्लभगढ़ बाजार, प्रमुख धार्मिक स्थलों और मुख्य मार्गों को सुरक्षा के लिहाज से सबसे संवेदनशील माना है। इन इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी और लगातार गश्त की जाएगी।
पुलिस कमिश्नर सतेन्द्र कुमार गुप्ता खुद सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि ईद के दिन ईआरवी, राइडर स्टाफ और डायल-112 की गाड़ियां लगातार शहर में गश्त करती रहेंगी। इसके अलावा सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
फरीदाबाद पुलिस ने त्योहार से पहले शहर के बाजारों, मस्जिदों, ईदगाहों, मुख्य चौराहों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का पूरा खाका तैयार किया है। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और बाजार संघों के साथ बैठकें भी की हैं, ताकि त्योहार के दौरान आपसी भाईचारा और शांति बनी रहे।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यदि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत डायल-112, पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 999915000 या नजदीकी थाना पुलिस को सूचित करें।
इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट डालने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले लोगों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी। साइबर टीम को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि सोशल मीडिया पर फैलने वाली किसी भी गलत जानकारी पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
पुलिस कमिश्नर सतेन्द्र कुमार गुप्ता ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग मिलजुलकर भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद हमेशा से आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता का प्रतीक रहा है और इस परंपरा को बनाए रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है।
प्रशासन को उम्मीद है कि पुलिस और आम जनता के सहयोग से बकरीद का त्योहार जिले में पूरी शांति और सौहार्द के साथ संपन्न होगा।




Comments
Add a Comment:
No comments available.