Story Content
नई दिल्ली, November 16, 2026: आसियान समिट में शामिल होने के लिए आज फिलीपींस दौरे पर रवाना होंगे पीएम मोदी, क्या है एजेंडा?।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय फिलीपींस दौरे पर मनीला जाएंगे, जहां वे 23वें भारत-आसियान और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
पीएम मोदी मनीला में आसियान और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।
समुद्री सुरक्षा, क्षेत्रीय स्थिरता और व्यापारिक संबंधों पर रहेगा मुख्य जोर।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दो दिवसीय दौरे पर मनीला जाएंगे। वहां वे 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इन बैठकों में समुद्री सुरक्षा, क्षेत्रीय स्थिरता और व्यापारिक संबंधो पर मुख्य फोकस रहने की उम्मीद है।
यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब भारत, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में तेजी से हो रहे भू-राजनीतिक बदलावों के बीच दक्षिण पूर्व एशिया के साथ अपने रणनीतिक संबंधों को मजबूत करना चाहता है।
फिलीपींस इस साल 11 सदस्यीय एसोसिएशन ऑफ साउथ ईस्ट एशियन नेशनंस (आसियान) शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, पीएम मोदी 16 नवंबर को फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर द्वारा आयोजित रात्रिभोज में शामिल होंगे।
इसके बाद 17 नवंबर को वे भारत-आसियान शिखर सम्मेलन और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन की प्रक्रियाओं में भाग लेंगे। इस दौरान अन्य वैश्विक नेताओं के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठकें करने की भी योजना है।
एक विशेष ब्रीफिंग में बोलते हुए, विदेश मंत्रालय के सचिव रुद्रेंद्र टंडन ने कहा कि आसियान के साथ भारत का जुड़ाव चाहे वह एक क्षेत्रीय समूह के रूप में हो अलग-अलग सदस्य देशों के साथ भारत की एक्ट ईस्ट नीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने कहा, 'हमारा दृढ़ विश्वास है कि हिंद महासागर के एक देश के रूप में, जो दक्षिण-पूर्व एशिया के इस अत्यंत महत्वपूर्ण समुद्री क्षेत्र से सटा हुआ है, आसियान सदस्य देशों के साथ - चाहे सामूहिक रूप से हो या व्यक्तिगत रूप से - मजबूत रणनीतिक संबंध होना हम दोनों के लिए फायदेमंद है।'
चर्चाओं में समुद्री सहयोग एक प्रमुख विषय रहने की उम्मीद है, क्योंकि भारत और आसियान के समुद्री क्षेत्र आपस में जुड़े हुए हैं और दोनों को समान क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
भारत और आसियान ने वर्ष 2026 को 'समुद्री सहयोग वर्ष' के रूप में चिह्नित किया है, जिसके तहत साझा समुद्री हितों को बढ़ावा देने वाली कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
नई दिल्ली का मानना है कि दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ गहरा रणनीतिक सहयोग दोनों पक्षों को बदलते भू-राजनीतिक घटनाक्रमों से निपटने में मदद करेगा और पूरे एशिया में शांति और स्थिरता बनाए रखने में योगदान देगा।
आसियान के नेतृत्व वाले मंच 'पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन' में क्षेत्रीय और प्रमुख वैश्विक शक्तियों के नेता अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
स्रोत: Instafeed Desk।
तस्वीर: JJ Harrison ( https://www.jjharrison.com.au/ ), Wikimedia Commons, CC BY-SA 3.0

Comments
Add a Comment:
No comments available.